दिल्ली के जहांगीरपूरी के साथ साथ उत्तराखण्ड के रुड़की में भी हुई पत्थरबाजी। भगवानपुर क्षेत्र के डाडा जलालपुर गांव में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शोभायात्रा पर एक समुदाय के लोगों ने अपनी छतों से पथराव कर दिया जिससे शोभायात्रा में भगदड़ मच गई। पथराव से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। उपद्रवियों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और दो को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर जुट गए जिससे दोनों समुदाय के लोगों के बीच तनाव पैदा हो गया। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। करीब आठ बजे शोभायात्रा जैसे ही डाडा पट्टी से डाडा जलालपुर गांव पहुंची तो एक घर की छत से पथराव शुरू हो गया। इसके बाद दूसरे और तीसरे घर से भी पत्थरबाजी शुरू हो गई। इससे मौके पर चीख पुकार और भगदड़ मच गई। इसमें शोभायात्रा के साथ चल रहे मंडावर चौकी प्रभारी आशीष नेगी के अलावा 10 से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी मिलते ही एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, सीओ मंगलौर पंकज गैरोला, इंस्पेक्टर मंगलौर अमर चंद शर्मा, एसओ भगवानपुर पीडी भट्ट, सीओ रुड़की विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को तितर बितर किया। लेकिन आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोगों के पहुंचने से हंगामा बढ़ गया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
शोभायात्रा में शामिल लोग पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हंगामे और बवाल के बीच धीरे-धीरे अन्य कोतवाली और थानों की पुलिस को भी बुलाया गया। साथ ही पीएसी को भी तैनात किया गया। पुलिस आक्रोशित भीड़ को समझाने का प्रयास कर रही है।