दिल्ली। राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने नई दिल्ली में आयोजित “द ग्रेट इंडियन वुमेन अवार्ड 2021’’ में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाली सभी महिलाओं ने अपने कार्यक्षेत्र में कठिन परिश्रम और प्रयास से समाज में एक खास जगह बनायी है। सामाजिक और आर्थिक विकास में महिलाओं का योगदान सदैव अमूल्य रहा है। भारतीय नारी हमेशा से ही अपने साहस और अटल निर्णयों के लिए दुनिया में जानी जाती रही हैं।
राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि देश में महिलाओं का सशक्तिकरण वास्तव में महिलाओं की आध्यात्मिक, राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक शक्ति में वृद्धि करना है। हम सबको मिलकर समाज में समानता सुनिश्चित करना है, इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में सशक्त और सफल महिलाओं को भी प्रयास करना होगा।भारतीय महिलाओं को जब भी अवसर मिलता है वो संपूर्ण विश्व में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करती हैं, जिसका सबसे ताजा उदाहरण हमें टोक्यो ओलम्पिक में देखने को मिला है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिला उत्थान को सदैव प्राथमिकता दिया है। यह हमारा दायित्व है कि नयी विकास नीतियों के आलोक में महिला विकास के कार्यक्रम एवं परियोजनाएं इस तरह आयोजित करें कि आने वाला समाज प्रतिभा, ज्ञान, कौशल और मानवीय मूल्यों से पूर्ण हो।