पहाड़ों की रानी मसूरी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। पर्यटकों ने बर्फबारी की सूचना मिलते ही मसूरी पहुंचना शुरू कर दिया है और बर्फबारी का खूब मजा ले रहे हैं। चारधाम सहित उत्तराखंड राज्य की ऊंची चोटियां भी बर्फ से ढक गईं हैं। राज्य में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। शनिवार को मसूरी के लालटिब्बा और बुराशखंडा में खूब बर्फ गिरी है। बर्फबारी देखने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से यहां पर्यटक पहुंच रहे हैं।

शनिवार को सभी पर्यटक खूब मज़े लेते दिखाई दिए। मौसम विभाग ने अनुसार शनिवार और रविवार को इसी तरह मौसम बने रहने की संभावना जताई है। मौसम खराब होने की वजह से राज्य में काफी ठंड बढ़ गई है। वहीं बर्फबारी से सेब के काश्तकारों के चेहरे खिल गए हैं। क्षेत्र में सीजन का दूसरा हिमपात होने से लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों को कहना है कि हिमपात से भले ही ठंड बढ़ गई है, लेकिन खेती और सेब के बगीचों के लिए बर्फबारी लाभदायक है। लालटिब्बा एक सुंदर पर्यटक स्थल है। बर्फबारी के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। इससे स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा। वहीं बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट से क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।