राम मंदिर निर्माण के लिए अशोक वाटिका में स्थापित सीता मंदिर से लाई गई शिला गुरुवार को अयोध्या पहुंची। श्रीलंका के उच्चायुक्त मिलिंद मोरा गोडा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को अशोक वाटिका से लाई गई शिला अयोध्या आकर भगवान श्री रामलला जी के सम्मुख सन्त-महापुरुषों को भेंट की। यह जानकारी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने ट्वीट करके सांझा की।

भारत में श्रीलंका के राजदूत और श्रीलंका सरकार के दो मंत्री गुरुवार सुबह अशोक वाटिका की शिला लेकर अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर पहुंचकर रामलला का पूजन व आरती की और शिला को मंदिर के ट्रस्ट को सौंप दिया। शिला देने के बाद मीडिया से बात करते हुए श्रीलंका के उप-उच्चायुक्त नीलूका कदरगमआ ने कहा कि श्रीलंका में रामायण राम कथा और अयोध्या के बारे में सभी जानते हैं। रामायण यात्रा में बहुत से भारतीय हिस्सा भी लेते हैं।