मुख्य सचिव उत्तराखण्ड शासन द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित गति से निस्तारण हेतु दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ आर राजेश कुमार द्वारा आज तहसील विकासनगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित दूरस्थ ग्राम पंचायत तौली, फूड, लांघा, पपड़ियान क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने पंचायत घर तौली में जनमानस से रूबरू होते हुए उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों की मुख्यतः समस्याओं में अंदरूनी सड़क, पानी, लो वोल्टेज, दूरसंचार, परिवहन, स्वास्थ्य से संबंधित रहीं। जिस पर उन्होने संबंधित विभागों के क्षेत्रीय अधिकारियों को मौके पर तथा उच्च अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से समस्याओं को निस्तारित करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनमानस की समस्याओं के मौके पर एवं त्वरित गति से निस्तारण हेतु जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में जन-समस्याओं के समाधान व विकास योजनाओं का निरीक्षण तथा क्षेत्र भ्रमण कर दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं एवं वस्तुस्थिति से अवगत होते हुए उनका समाधान करने के लिए अपर अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों का रोस्टरवार क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम करने के निर्देश दिए गए है तथा सम्बन्धित अधिकारियों को भ्रमण के दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को सन्दर्भित कर उनका निराकरण किये जाने के निर्देश दिये गये है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा आगे भी ग्राम चिन्हित कर भ्रमण कार्यक्रम कर दुरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता व समयबद्धता के साथ पूरा किया जायेगा।
इस दौरान उप जिलाधिकारी विकास नगर सौरभ असवाल, तहसीलदार सोहन सिंह रांघड़, ग्राम प्रधान श्रीमती प्रीति चैहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती रक्षा देवी, खंड विकास अधिकारी, जल संस्थान, विद्युत विभाग, वन विभाग संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।